देश की राजधानी दिल्ली और आर्थिक राजधानी मुंबई के बीच बन रहे एक्सप्रेस वे का पहला चरण बनकर पूरा हो गया है। इस एक्सप्रेस वे की कुल लंबाई 1386 किलोमीटर है और यह दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र से होकर गुजरेगा। मध्यप्रदेश और राजस्थान में इस एक्सप्रेस वे का काम लगभग पूरा हो गया है।
कल यानि 12 फरवरी को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्धघाटन करेंगे। उद्धघाटन के बाद वाहनों का आना जाना शुरू हो जाएगा। एक्सप्रेस वे का यह पहला फेज हरियाणा के सोहना से राजस्थान के दौसा को जोड़ेगा। दिलचस्प बात यह है कि इसकी शुरुआत से दिल्ली से जयपुर का 228 किलोमीटर का सफर 5 घंटे से घटकर सिर्फ 2 घंटे में तय हो जाएगा।
बता दें कि इसे बनाने में लगभग 12,150 करोड़ रुपये की लागत आई है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का यह पहला खंड पूरे क्षेत्र के आर्थिक विकास को बढ़ावा देगा। प्रधानमंत्री मोदी इस दौरान दौसा में 18,100 करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं की सौगात भी देंगे।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई 1,386 किमी है। इससे दिल्ली और मुंबई के बीच यात्रा की दूरी 12 प्रतिशत घटकर 1,424 किमी से 1,242 किमी हो जाएगी। अभी दिल्ली से मुंबई पहुंचने मे करीब 24 घंटे का वक्त लगता है। इस एक्सप्रेसवे के जरिए 12 घंटे का समय लगेगा।

