Earthquake News: हाल ही में एशिया के कई देशों में भूकंप की हलचल देखी गई है। इंडोनेशिया, नेपाल और अब ताजिकिस्तान में भी धरती हिली है। हालांकि अब तक किसी जान-माल के नुकसान की खबर नहीं आई है, लेकिन प्रशासन स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए है।
इंडोनेशिया में 5.9 तीव्रता का भूकंप(Earthquake)
जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) के अनुसार, इंडोनेशिया के दक्षिणी सुमात्रा क्षेत्र में 5.9 की तीव्रता वाला भूकंप दर्ज किया गया। यह झटका शुक्रवार तड़के महसूस किया गया और इसका केंद्र पृथ्वी की सतह से 10 किलोमीटर की गहराई पर था। हालांकि, अब तक किसी प्रकार की क्षति या हताहत की सूचना नहीं है।
नेपाल में भी हिली धरती, 4.3 तीव्रता के झटके
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) की जानकारी के मुताबिक, नेपाल में भी शुक्रवार की सुबह 4.3 तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र 29.36° उत्तरी अक्षांश और 80.44° पूर्वी देशांतर पर, 10 किलोमीटर की गहराई में था। यह झटका भारतीय समयानुसार रात 1:33 बजे दर्ज किया गया।
नेपाल की भूकंपीय संवेदनशीलता
नेपाल भारतीय और यूरेशियाई टेक्टोनिक प्लेटों की सीमा पर स्थित होने के कारण अत्यधिक भूकंप-संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है। प्लेटों की टक्कर के कारण उत्पन्न तनाव बार-बार भूकंप(Earthquake) का कारण बनता है और यही प्रक्रिया हिमालय पर्वत श्रृंखला के निर्माण में भी भूमिका निभाती है।
नेपाल का भूकंपीय इतिहास भी त्रासद रहा है—विशेषकर अप्रैल 2015 का 7.8 तीव्रता वाला भूकंप जिसमें लगभग 9,000 लोगों की जान गई थी।
ताजिकिस्तान में 3.9 तीव्रता का भूकंप(Earthquake)
इंडोनेशिया और नेपाल के बाद फिर ताजिकिस्तान में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। NCS के अनुसार, यहां आए भूकंप की तीव्रता 3.9 मापी गई है। इसका केंद्र भी 10 किलोमीटर की गहराई पर था। फिलहाल किसी नुकसान की कोई जानकारी नहीं मिली है।
प्रशासन सतर्क, लेकिन राहत की बात यह है कि कोई नुकसान नहीं
तीनों देशों में आए भूकंप के बावजूद किसी प्रकार की जानमाल की क्षति की खबर नहीं है। फिर भी स्थानीय प्रशासन और भूकंप विज्ञान संस्थान स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत कार्य शुरू किए जा सकें।
ये भी पढ़ें : Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर को मिली गर्मी से राहत, बारिश से गिरा पारा और मौसम हुआ सुहाना
ये भी देखें : Bihar Politics: बिहार में ओवैसी की एंट्री से मचा हड़कंप!, किसका खेल होगा खत्म? Niwan Times |

