Delhi Weather: बीते चार दिनों से भीषण गर्मी की मार झेल रहे दिल्ली-एनसीआर के निवासियों को आखिरकार दो दिन पहले हुई बारिश ने बड़ी राहत दी है। लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बने अधिकतम तापमान ने जहां दिन में आग बरसाई, वहीं रातें भी गर्म हवा से उबलती रहीं। लेकिन बुधवार को हुई बारिश ने इस तपती गर्मी को कुछ हद तक थाम दिया है।
मौसम विभाग के अनुसार, बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान में औसतन 3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में लगभग 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री कम 34.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे लोगों को काफी राहत महसूस हुई।
दिल्ली के विभिन्न इलाकों में तापमान कुछ इस प्रकार
- पालम: 33.8 डिग्री सेल्सियस
- लोधी रोड: 33.6 डिग्री सेल्सियस
- आया नगर: 34.2 डिग्री सेल्सियस
मौसम विभाग ने शुक्रवार को दिल्ली में फिर से आंधी-तूफान और बारिश की संभावना जताई है। अनुमान है कि इस दिन अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। इससे साफ है कि आने वाले दिन भी अपेक्षाकृत सुहावने बने रह सकते हैं।
वहीं वायु गुणवत्ता के लिहाज से भी हालात कुछ बेहतर हुए हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक शुक्रवार सुबह 7:00 बजे तक दिल्ली का औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 91 दर्ज किया गया, जो “संतोषजनक” श्रेणी में आता है।
मौसम में आई इस नरमी और वायु गुणवत्ता में सुधार से दिल्ली-एनसीआर के लोग राहत की सांस ले रहे हैं। हालांकि, मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार, अगले कुछ दिनों में तेज हवाएं और बारिश का दौर बना रह सकता है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़ें : Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने बदली करवट, आंधी और हल्की बारिश से मिली गर्मी से राहत
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time