Dimple Yadav : समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी और सपा की सांसद डिंपल यादव ने लखनऊ में आयोजित एक महिला सम्मान समारोह के दौरान जेंडर डिफरेंस पर एक बड़ा बयान दिया। डिंपल यादव ने कहा कि भगवान ने पहले पुरुषों को बनाया होगा, क्योंकि पहली बार में गलती हो जाती है। इस बयान में उन्होंने पुरुषों और महिलाओं के बीच मौजूद भेदभाव को लेकर समाज में जागरूकता फैलाने की कोशिश की।
“पहली बार में गलती हो जाती है”
अपने बयान में डिंपल यादव ने मजाकिया अंदाज में कहा, अगर हम इस चर्चा में आएं कि पहले पुरुष आए या महिलाएं आईं, तो मेरा मानना है कि भगवान ने पहले पुरुषों को ही बनाया होगा, क्योंकि पहली बार बनाने में थोड़ी गलती रह जाती है। उन्होंने आगे कहा, “मगर दूसरी बार भगवान ने महिलाएं बनाई हैं और जो क्षमता थी, वह महिलाओं को दी है।
डिंपल यादव ने इस पर विस्तार से बताते हुए कहा कि महिलाएं पहले परिवार में जन्म लेती हैं, फिर दूसरे परिवार में जाती हैं और वहां पूरे परिवार को संभालती हैं। इसके साथ ही, अगर महिलाएं प्रोफेशनल जीवन में कदम रखती हैं, तो वे परिवार को संभालने के साथ अपने सपनों को भी पूरा करती हैं।
जेंडर डिफरेंस पर चिंता जताते हुए डिंपल का बयान
डिंपल ने समाज में जेंडर डिफरेंस की स्थिति पर चिंता जताई और कहा कि समाज में अभी भी पुरुषों और महिलाओं के सपनों के बीच भेदभाव है। उन्होंने जोर देकर कहा, “समाज में पुरुषों के सपनों की कीमत ज्यादा होती है, जबकि महिलाओं को अपनी जगह बनाने के लिए और भी संघर्ष करना पड़ता है। महिलाओं के लिए, महिलाओं को ही आगे आना होगा।”
महिलाओं के लिए मजबूत कदमों की जरूरत
डिंपल यादव ने समाज में महिलाओं की भूमिका को और ताकतवर बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, राजनीति और समाज के अन्य क्षेत्रों में महिलाओं को और अधिक अवसर दिए जाने चाहिए। उनका मानना था कि जब महिलाएं आगे बढ़ेंगी, तभी समाज और देश की प्रगति संभव होगी। इस संदर्भ में उन्होंने समाजवादी पार्टी के संकल्प का भी उल्लेख किया और कहा कि सपा महिलाओं को ताकतवर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
अखिलेश यादव का समर्थन
इस कार्यक्रम में सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी मौजूद थे। उन्होंने डिंपल यादव के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि महिलाओं के बिना समाज की प्रगति अधूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि हमें हर क्षेत्र में महिलाओं को समान अवसर और सुरक्षा प्रदान करनी होगी। अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी का रुख स्पष्ट करते हुए कहा, “समाजवादी पार्टी देश की आधी आबादी के साथ है और हम हमेशा महिलाओं के अधिकारों की रक्षा करेंगे।
ये भी पढ़ें : Delhi NCR Weather News : बढ़ेगी दिल्ली की गर्मी, इन राज्यों में झमाझम बारिश की संभावना
ये भी देखें : Vadodara Car Accident के आरोपी Rakshit Chourasiya का बड़ा दावा, “घटना के वक्त वह ‘नशे में’ नहीं था”