केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय ने आज गुरुवार को दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि आज ईडी ने सिसोदिया से दिल्ली की आबकारी नीति में हुई अनियमितताओं के बारे में तिहाड़ जेल में दूसरे दौर की पूछताछ की है। इससे पहले मंगलवार को पहले दौर की पूछताछ हो चुकी थी। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि केंद्रीय जाँच एजेंसी ईडी कल शुक्रवार को आप नेता सिसोदिया को कोर्ट में पेश करेगी। अभी उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया है।
गौरतलब है कि कल सीबीआई अदालत में मनीष सिसोदिया की जमानत पर सुनवाई होने वाली थी। सुनवाई से ठीक एक दिन पहले ईडी ने सिसोदिया को गिरफ्तार किया है। ईडी के सूत्रों ने कहा कि मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया क्योंकि उन्हें उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के सबूत मिले हैं। उन्हें उन्ही सबूतों के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।
बता दें कि प्रक्रियाओं के अनुसार, जेल अधीक्षक को सूचित किया गया और धारा 19 PMLA के तहत सिसोदिया की गिरफ्तारी का ज्ञापन दिया गया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।

