मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली वासियों को आज एक खास तोहफा दिया है। उन्होंने आश्रम फ्लाईओवर का शुभारंभ कर दिल्ली वासियों को जाम से राहत दी है। इस फ्लाईओवर के उद्धघाटन के बाद लोगों को काफी समय बचेगा और उन्हें जाम से राहत मिलेगी। फ्लाईओवर के शुरू होने से रिंग रोड, डीएनडी, मथुरा रोड और बारापूला एलिवेटेड रोड सहित आसपास के सभी इलाकों को काफी फायदा होगा।
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने इस मौके पर अपनी सरकार की जमकर तारीफ की और साथ ही राज्य में पहले की सरकारों के कामों को लेकर खूब निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘पिछले 65 वर्षों में 74 फ्लाईओवर बने। जबकि हमारी सरकार ने केवल 7 साल में 27 फ्लाईओवर का निर्माण किया।’ आश्रम फ्लाईओवर के शुरू होने से अब लाखों लोगों को जाम से मुक्ति मिलेगी।
बता दें कि फ्लाईओवर के शुरू होने से नोएडा, मयूर विहार, गाजीपुर से एम्स और धौला कुआं जाने वाले लोग सीधा डीएनडी से आएंगे और नए फ्लाईओवर से आश्रम को पार करते हुए लाजपत नगर, मूलचंद और साउथ एक्स से होते हुए एम्स और धौला कुआं जा सकेंगे। इस फ्लाईओवर का काम 12 महीने में पूरा होना था लेकिन साल 2021 के जून महीने तक काम पूरा नहीं हो सका।
6 लेन के इस फ्लाईओवर पर 3 लेन रैंप दक्षिणी दिल्ली से सराय काले खां जाने के लिए, 3 लेन रैंप आईटीओ और सराय काले खां से दक्षिणी दिल्ली जाने के लिए है। इसके चालू होने से आश्रम चौक और डीएनडी के बीच रेड लाइट समाप्त हो जाएंगी। इसके निर्माण में अब तक 142.54 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। फ्लाईओवर की लंबाई 1,425 मीटर है।

