Delhi Weather: राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को अगले तीन दिनों तक मौसम के बदलते तेवरों के लिए सतर्क रहने की आवश्यकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि क्षेत्र में आंधी, बिजली गिरने और बारिश की संभावना है, वहीं तेज हवाएं 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। मौसम विभाग ने इसको लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया है।
कल तेज धूप और उमस से बेहाल रहे दिल्लीवासी
बुधवार को राजधानी में तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। आसमान साफ रहा और चिलचिलाती धूप ने गर्मी के प्रभाव को और बढ़ा दिया। इस दिन न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक था। वहीं, अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम था। हवा में नमी का स्तर 85 से घटकर 48 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया।
गुरुवार को और बढ़ेगा पारा, येलो अलर्ट के साथ राहत की उम्मीद
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को राजधानी में तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि, तेज हवाओं और बारिश की संभावना से तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 30 मई को दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर तेज आंधी आने की संभावना है। हवाओं की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है, जो कुछ इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इस दौरान बिजली गिरने और हल्की बारिश की भी आशंका है।
क्या करें, क्या न करें
येलो अलर्ट के चलते लोगों को बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खुले इलाकों में जाने से बचें, पेड़ों के नीचे खड़े न हों और वाहन चलाते समय सतर्क रहें। मौसम में अचानक बदलाव से स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है, इसलिए पर्याप्त पानी पीना और धूप से बचाव जरूरी है।
ये भी पढें : Delhi Weather: दिल्ली-NCR में आज गरज के साथ बारिश की संभावना, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
ये भी देखें : डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने कोरोना को लेकर ने दी जानकारी, ‘कोविड वेरिएंट खतरनाक नहीं, लेकिन…’