Delhi Weather Update: दिल्ली में इन दिनों तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, जैसे ही तेज हवाओं का दौर थमेगा, गर्मी बढ़ने लगेगी। शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
17 फरवरी के बाद तापमान में इजाफा
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 17 फरवरी 2025 के बाद से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। अनुमान है कि न्यूनतम तापमान 10 से बढ़कर 14 डिग्री और अधिकतम तापमान 26 से बढ़कर 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
15 फरवरी के बाद कमजोर होंगी हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार, 15 फरवरी से दिल्ली में तेज हवाएं कमजोर पड़ने की संभावना है, जिसके चलते तापमान में बढ़ोतरी होगी। 15 फरवरी तक अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, 16 से 18 फरवरी के बीच अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 से 14 डिग्री रहने का अनुमान है।
तापमान औसत से ज्यादा दर्ज
गुरुवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 1.8 डिग्री अधिक रहा। वहीं, अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री ज्यादा था। गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे दिल्ली में आर्द्रता 64 प्रतिशत रही।
प्रदूषण स्तर में सुधार, AQI 129
दिल्ली में हवा की गुणवत्ता में हल्का सुधार देखा गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, गुरुवार सुबह 9 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 129 रहा, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। हालांकि, आने वाले दिनों में प्रदूषण में फिर से बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।
AQI स्तर की श्रेणियां इस प्रकार हैं:
0-50: अच्छा
51-100: संतोषजनक
101-200: मध्यम
201-300: खराब
301-400: बहुत खराब
401-500: गंभीर

