Delhi Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को चली 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज़ हवाओं ने लोगों को गर्मी से राहत दी। इसके साथ ही अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार (5 मार्च) को भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग का कहना है कि आज आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
मंगलवार को तापमान में गिरावट दर्ज
मंगलवार सुबह से ही राजधानी में तेज़ हवाएं चल रही थीं, जिसके कारण अधिकतम तापमान गिरकर 27.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। हालांकि, यह सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक रहा।
सोमवार को अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस था, लेकिन तेज़ हवाओं के कारण इसमें करीब चार डिग्री की गिरावट आई। हवा में नमी का स्तर 29 से 78 प्रतिशत के बीच रहा।
10 मार्च तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 6 से 10 मार्च तक तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। 6 मार्च को आसमान साफ़ रहेगा, जबकि 7 से 10 मार्च के बीच आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 से 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
स्काईमेट के अनुसार, इस हफ्ते दिल्ली में बारिश की कोई संभावना नहीं है। इससे दिन और रात के तापमान में वृद्धि होगी।
यह भी पढ़ें: Delhi News: दिल्ली की सड़कों को गड्ढामुक्त करने की डेडलाइन तय, 30 अप्रैल तक पूरा होगा काम
दिल्ली की हवा संतोषजनक
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली की वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही। एक्यूआई 148 दर्ज किया गया। एनसीआर के अन्य शहरों में भी वायु गुणवत्ता संतोषजनक से मध्यम श्रेणी के बीच रही।