Delhi Weather Update: दिल्ली का मौसम लगातार बदल रहा है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी बढ़ने लगी है, वहीं पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं की गति थमने से रात का पारा भी बढ़ रहा है। इसी का असर है कि शनिवार इस मौसम का दूसरा सबसे गर्म दिन रहा।
फरवरी में बढ़ता तापमान
15 फरवरी 2025 को दिल्ली में अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, इस मौसम का अब तक का सबसे गर्म दिन 11 फरवरी को रहा था, जब तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने रविवार को दिल्ली में हल्की धुंध छाए रहने की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
19-20 फरवरी को बारिश की संभावना
16 से 18 फरवरी के बीच अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 से 14 डिग्री रहने की संभावना है। वहीं, 19 और 20 फरवरी को दिल्ली में बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। उत्तर भारत के कई राज्यों, जैसे यूपी, बिहार, राजस्थान और हरियाणा में भी ठंड का असर कम होने लगा है। दिन का तापमान बढ़ने से मौसम शुष्क बना हुआ है और लोग गर्मी महसूस करने लगे हैं।
दिल्ली में AQI 183, वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार शाम सात बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 183 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।
AQI के मानक:
0-50: अच्छा
51-100: संतोषजनक
101-200: मध्यम
201-300: खराब
301-400: बहुत खराब
401-500: गंभीर

