Delhi Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अब लोगों को गर्मी परेशान कर सकती है। यहां अगले छह से सात दिनों में तापमान 35 डिग्री तक पहुंच सकता है। इस दौरान बारिश की भी संभावना नहीं है।
तापमान में बढ़ोतरी के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री कम था। हवा में नमी का स्तर 24 से 90 प्रतिशत के बीच रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक, आज शनिवार (8 मार्च) को दिल्ली का आसमान साफ रहेगा, हालांकि सुबह के समय धुंध छाई रह सकती है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री तक रहने का अनुमान है। वहीं, 9 से 13 मार्च के बीच अधिकतम तापमान 31 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 से 19 डिग्री तक पहुंच सकता है। इस दौरान आंशिक रूप से बादल भी छाए रह सकते हैं।
दिल्ली-एनसीआर में तेजी से बढ़ेगा तापमान
मौसम एजेंसी स्काईमेट के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में तापमान तेजी से बढ़ेगा, जिससे गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल होगा। 9 मार्च को एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर भारत की पहाड़ियों के करीब पहुंचेगा। इससे पहले 8 मार्च को पश्चिमी राजस्थान पर एक चक्रवाती क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे दिल्ली में हवा की दिशा बदलेगी।
यह भी पढ़ें: Noida: नोएडा दौरे पर आ रहे हैं सीएम योगी, 924 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास
दिल्ली की हवा ‘खराब’ श्रेणी में
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, आज सुबह 6 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 219 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। AQI स्तर के अनुसार:
- 0-50: अच्छा
- 51-100: संतोषजनक
- 101-200: मध्यम
- 201-300: खराब
- 301-400: बहुत खराब
- 401-500: गंभीर
हाल ही में दिल्ली-एनसीआर से ग्रैप (GRAP) हटाया गया था, लेकिन प्रदूषण बढ़ते ही फिर से GRAP-1 लागू कर दिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच से छह दिनों तक प्रदूषण सामान्य रहने की संभावना थी, लेकिन हवाओं के थमते ही वायु गुणवत्ता फिर बिगड़ गई है।