Delhi Weather Update: दिल्ली में पड़ रही कड़ाके की ठंड ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। अगले तीन दिनों में घना कोहरा और बारिश राजधानी में शीतलहर को और तेज कर सकती है। सुबह और शाम के तापमान में गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 10 जनवरी को घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। 11 और 12 जनवरी को घने कोहरे के साथ बारिश का अनुमान है। गुरुवार को दिन में धूप खिली रहने की संभावना है।
दिन का तापमान सामान्य से अधिक
कई दिनों तक ठंडी हवाओं के बाद बुधवार दोपहर दिल्ली में धूप खिली और अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसमी औसत से 2.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। दिन में आसमान साफ रहा, हालांकि सुबह शहर में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता शून्य हो गई। मौसम विभाग के अनुसार, दिन में राष्ट्रीय राजधानी में आर्द्रता का स्तर 81% से 100% के बीच रहा। बुधवार को दिल्ली में दर्ज अधिकतम तापमान मंगलवार के 16.2 डिग्री सेल्सियस से काफी अधिक रहा। बुधवार की सुबह राष्ट्रीय राजधानी में ठंड अधिक रही, जहां न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मंगलवार को यह 10.5 डिग्री सेल्सियस था।
दिल्ली का AQI फिर बिगड़ा
मौसम एजेंसी स्काईमेट के अनुसार, दो दिन की राहत के बाद आज से प्रदूषण का स्तर फिर बढ़ने की उम्मीद है। अगले कुछ दिनों तक प्रदूषण का स्तर बहुत खराब रहने की उम्मीद है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, बुधवार को दिल्ली का AQI 297 रहा। फरीदाबाद में AQI 207, गाजियाबाद में 198, ग्रेटर नोएडा में 177, गुरुग्राम में 216 और नोएडा में 161 रहा।
गौरतलब है कि दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से तापमान में गिरावट ने ठिठुरन बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्लीवासियों को ठंड से तुरंत राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

