Delhi Weather : दिल्ली-एनसीआर के निवासियों को शनिवार को गर्मी से राहत मिली जब दोपहर के बाद कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई और लोगों को चिलचिलाती धूप से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को भी मौसम में हल्की नरमी बनी रह सकती है।
रविवार सुबह का तापमान 28 डिग्री सेल्सियस
रविवार सुबह 8 बजे दिल्ली का तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग (IMD) का पूर्वानुमान है कि आज दिन का अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। साथ ही दिनभर आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा की संभावना है।
शनिवार को सामान्य से कम रहा तापमान
शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम रहा। इस गिरावट का मुख्य कारण दोपहर बाद हुई बारिश और ठंडी हवाएं रहीं।
तेज हवाओं का भी अनुमान
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि रविवार को क्षेत्र में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इससे मौसम कुछ हद तक सुहावना बना रहेगा और गर्मी का असर थोड़ा कम महसूस होगा। बारिश के चलते सड़कों पर जलभराव और ट्रैफिक की थोड़ी परेशानी जरूर हुई, लेकिन भीषण गर्मी से राहत पाने के कारण अधिकांश लोग संतुष्ट नजर आए। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने बारिश का स्वागत करते हुए तस्वीरें और वीडियो साझा किए।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम वैज्ञानिकों (Delhi Weather) के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक मौसम में हल्का उतार-चढ़ाव बना रहेगा। हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही की संभावना बनी हुई है, जिससे दिल्ली-एनसीआर में तापमान नियंत्रित रह सकता है।
ये भी पढ़ें : Asaduddin Owaisi : “अब पाकिस्तान को सबक सिखाने का वक्त आ गया है” पहलगाम हमले पर बोले ओवैसी
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

