Delhi Weather News: दिल्ली में रविवार की सुबह इस मौसम का अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा, सफदरजंग मौसम केंद्र पर न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों ही औसत से ऊपर बने हुए हैं, लेकिन तीन-चार दिन पहले की तुलना में करीब 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार से दिल्ली में हल्का कोहरा भी दिखने लगेगा।
अधिकतम और न्यूनतम तापमान पिछले 73 सालों में सबसे अधिक
इस अक्टूबर में राजधानी में अधिकतम और न्यूनतम तापमान पिछले 73 सालों में सबसे अधिक रहा। हालांकि, दिवाली के बाद से बदलाव देखने को मिल रहे हैं। सुबह के समय दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में हल्की धुंध दिखाई दे रही है, जबकि दिन में आसमान साफ है। दोपहर करीब 3 बजे के बाद सूरज की रोशनी कमजोर पड़ने लगती है और हल्की धुंध फिर से छा जाती है, जिससे तापमान में गिरावट आती है. रविवार को सफदरजंग मौसम केंद्र पर न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है।
हवा की गति कम होने की उम्मीद
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार सुबह दिल्ली में हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है, जिससे स्मॉग भी बन सकता है। दिन में आसमान साफ रहने की उम्मीद है, अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। हवा की गति ज़्यादातर समय 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम रहने की उम्मीद है। रविवार को सफ़दरजंग मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग तीन डिग्री ज़्यादा था।

