Delhi Weather News : प्रचंड गर्मी और चिलचिलाती धूप का सामना कर रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए राहत की खबर है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अनुमान जताया है कि गुरुवार से क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले 6 दिनों तक राजधानी में गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी का सिलसिला देखने को मिल सकता है।
गुरुवार को दिन की शुरुआत हल्की राहत के साथ
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार सुबह 8 बजे दिल्ली का तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। IMD का कहना है कि गुरुवार दोपहर या शाम के समय 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है।
शुक्रवार और शनिवार को भी ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि शुक्रवार और शनिवार को भी राजधानी में बादल छाए रह सकते हैं, और हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे तापमान में हल्की गिरावट और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
बुधवार को भी रहा गर्मी का असर
बुधवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक था। वहीं अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम था। राजधानी की हवा में नमी का स्तर 61 प्रतिशत से घटकर 36 प्रतिशत तक दर्ज किया गया।
जनजीवन को मिल सकती है राहत
बीते कुछ दिनों (Delhi Weather News) से दिल्ली-एनसीआर में पड़ रही तेज गर्मी और लू जैसे हालातों के बीच यह बदलाव नागरिकों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है। हालांकि, मौसम विभाग ने तेज हवाओं और बारिश के चलते लोगों को सतर्क रहने की भी सलाह दी है।
ये भी पढ़ें : Delhi News : पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में आज व्यापारियों का ‘दिल्ली बंद’, 100 से अधिक बाजारों में रहेगा सन्नाटा
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time