Delhi Weather : दिल्ली-एनसीआर के निवासियों को शुक्रवार सुबह गर्मी से बड़ी राहत मिली जब इलाके में तेज आंधी और बारिश ने दस्तक दी। सुबह करीब 5 बजे के आसपास दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाएं चलनी शुरू हो गईं, जिसके साथ झमाझम बारिश भी हुई। हालांकि, यह राहत कुछ मुश्किलों के साथ भी आई, क्योंकि कई इलाकों में पेड़ गिरने की घटनाएं और जलभराव की समस्या देखने को मिली।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए अलर्ट जारी किया है। विभाग ने बताया कि 2 मई से 4 मई तक क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। शुक्रवार सुबह 8 बजे दिल्ली का तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
बारिश का असर यातायात और फ्लाइट्स पर भी
बारिश और तेज हवाओं के कारण दिल्ली के कई हिस्सों में जलजमाव हो गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। मिंटो ब्रिज जैसे संवेदनशील स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी रही। इसके अलावा, खराब मौसम की वजह से कई फ्लाइट्स को या तो विलंबित किया गया या फिर डायवर्ट किया गया।
दिल्ली सरकार और प्रशासन सक्रिय
दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने हालात का जायजा लेने के लिए सुबह 5:30 बजे ही विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने बताया कि मिंटो ब्रिज पर चारों पंप काम कर रहे थे और ऑपरेटर सतर्क थे। एक पाइपलाइन फटने की जानकारी पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मानसून को ध्यान में रखते हुए PWD, MCD, DJB, NDMC और IFC की टीमों द्वारा नालों की सफाई का काम जारी है।
NDMC भी मैदान में उतरी
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने अफ्रीका एवेन्यू क्षेत्र का दौरा किया और जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इस बार यातायात सामान्य रखने के लिए समय पर सीवर की सफाई की गई है और चार पंप लगातार पानी निकालने का काम कर रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
आने वाले दिनों के लिए सतर्कता जरूरी
हालांकि शुक्रवार (Delhi Weather) की बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई है, लेकिन मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी को देखते हुए आने वाले दिनों में सतर्क रहने की जरूरत है। प्रशासनिक एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं, लेकिन नागरिकों को भी यात्रा करते समय मौसम की जानकारी लेकर ही घर से निकलने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़ें : Delhi News : पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में आज व्यापारियों का ‘दिल्ली बंद’, 100 से अधिक बाजारों में रहेगा सन्नाटा
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time