Delhi Water Crisis: राष्ट्रीय राजधानी में जल संकट की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दिल्ली पुलिस के अधिकारियों को पाइपलाइनों की सुरक्षा करनी पड़ रही है। सोमवार को दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन इलाके में दिल्ली जल बोर्ड की पाइपलाइनों का निरीक्षण किया।
पाइपलाइनों की निगरानी कर रही पुलिस
दिल्ली पुलिस की ओर से यह कदम जल मंत्री आतिशी द्वारा पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा से पाइपलाइनों को नुकसान से बचाने के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात करने के अनुरोध के एक दिन बाद उठाया गया। हजरत निजामुद्दीन थाने के सब-इंस्पेक्टर एम.एल. मीना ने एक न्यूज़ एजेंसी को बताया कि दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली के यमुना खादर इलाके में जल बोर्ड की पाइपलाइनों का निरीक्षण किया और कोई लीकेज नहीं होने की सूचना दी। उन्होंने आगे बताया कि पुलिस की टीमें जल बोर्ड की पाइपलाइनों की उचित निगरानी कर रही हैं। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि जल बोर्ड की पानी की पाइपलाइनों में कोई लीकेज न हो।
आतिशी ने लिखा था पत्र
दरअसल, एक दिन पहले ही दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को लिखे अपने पत्र में कहा था, “मैं आपसे अनुरोध करती हूं कि अगले 15 दिनों तक हमारी प्रमुख पाइपलाइनों की सुरक्षा और गश्त के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाए ताकि किसी भी तरह की छेड़छाड़ को रोका जा सके। इस समय कोई भी व्यवधान दिल्ली के निवासियों की समस्याओं को बढ़ा देगा।” आतिशी ने बताया कि आम आदमी पार्टी की ग्राउंड पेट्रोलिंग टीम ने पाया कि कुछ स्थानों पर पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हैं। एनडीएमसी अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि तिलक मार्ग और बंगाली मार्केट भूमिगत जलाशयों को दिल्ली जल बोर्ड से कम पानी मिल रहा है। नतीजतन, लुटियंस दिल्ली के कुछ हिस्सों में पानी की आपूर्ति प्रभावित होगी।
आपूर्ति में 40% तक की कमी
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली जल बोर्ड से नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) क्षेत्र में आपूर्ति में 40% तक की कमी आई है। कच्चे पानी की अनुपलब्धता के कारण वजीराबाद जल संयंत्र पूरी क्षमता से काम नहीं कर रहा है। अधिकारियों ने बताया कि तिलक मार्ग और बंगाली मार्केट यूजीआर के कमांड एरिया में दिन में एक बार सुबह पानी की आपूर्ति होगी। इससे बंगाली मार्केट, अशोका रोड, एचसी माथुर लेन, कोपरनिकस मार्ग, पुराना किला रोड, बाबर रोड, बाराखंभा रोड, केजी मार्ग, विंडसर प्लेस, फिरोजशाह रोड, कैनिंग लेन और आसपास के इलाकों में पानी की आपूर्ति प्रभावित होगी। एनडीएमसी ने लोगों से पानी बचाने की अपील की है।

