Delhi: 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों के मामले में भड़काऊ भाषण देने के आरोप में जेल में बंद जेएनयू के पूर्व छात्र शरजील इमाम को दिल्ली हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। दिल्ली हाईकोर्ट ने शरजील इमाम को जमानत दे दी है। शरजील ने इस आधार पर जमानत मांगी थी कि वह मामले में अधिकतम सात साल की सजा की आधी अवधि पहले ही काट चुका है, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। शरजील इमाम पर जामिया मिलिया इस्लामिया और अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में सीएए के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान भड़काऊ भाषण देने का आरोप है।
2019 में दिए गए थे भड़काऊ भाषण
शरजील ने ट्रायल कोर्ट के आदेश के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसने अधिकतम सजा की आधी अवधि पूरी करने के बावजूद उसे जमानत देने से इनकार कर दिया था। जस्टिस सुरेश कुमार कैत और जस्टिस मनोज जैन की बेंच ने शरजील की याचिका को सुनवाई के लिए स्वीकार कर लिया है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, इमाम ने कथित तौर पर 13 दिसंबर, 2019 को जामिया मिलिया इस्लामिया और 16 दिसंबर, 2019 को अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में भाषण दिया, जहाँ उसने असम और पूर्वोत्तर के बाकी हिस्सों को देश से काटने की धमकी दी।
ये भी पढ़ें..
शरजील चार साल से अधिक समय से हिरासत में है
शरजील इमाम के खिलाफ शुरू में देशद्रोह का मामला दर्ज किया गया था। बाद में, यूएपीए की धारा 13 भी लगाई गई। इस मामले के सिलसिले में उन्हें 28 जनवरी, 2020 को गिरफ्तार किया गया था।

