Delhi Politics: दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी द्वारा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के कार्यालय से डॉ. भीमराव अंबेडकर और भगत सिंह की तस्वीर हटाने का आरोप लगाने से सियासी घमासान मच गया है। इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायकों ने सदन में जोरदार हंगामा किया और बीजेपी सरकार पर संविधान विरोधी मानसिकता अपनाने का आरोप लगाया।
विपक्ष का आरोप, विचारधारा को दबाने की कोशिश
विधानसभा में आतिशी ने कहा, “मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने कार्यालय से बाबा साहेब अंबेडकर और शहीद भगत सिंह की तस्वीर हटा दी है। यह सिर्फ तस्वीर हटाने का मामला नहीं, बल्कि एक विचारधारा को दबाने की कोशिश है।” उनके इस बयान के बाद AAP विधायकों ने सदन में जमकर हंगामा किया और सरकार को घेरने की कोशिश की।
सरकार ने जारी की तस्वीरें, बताया आरोप बेबुनियाद
मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी तस्वीरों में बाबा साहेब अंबेडकर और भगत सिंह की तस्वीरें स्पष्ट रूप से देखी जा सकती हैं। बीजेपी नेताओं ने इन तस्वीरों को साझा करते हुए AAP के आरोपों को झूठा और भ्रामक बताया। बीजेपी विधायक हरीश खुराना ने कहा, “यह विपक्ष का एक और झूठ है। वे केवल जनता को गुमराह करना चाहते हैं। हमारे लिए अंबेडकर और भगत सिंह सिर्फ तस्वीरें नहीं, बल्कि प्रेरणा हैं।”
यह भी पढ़ें: Delhi Assembly Speaker: विजेंद्र गुप्ता बने नए स्पीकर, विपक्ष ने जताई आपत्ति, आरोपों पर दी कड़ी प्रतिक्रिया
‘विपक्ष जनता को गुमराह कर रहा’ – बीजेपी
बीजेपी नेताओं का कहना है कि आम आदमी पार्टी के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वह इस तरह के फर्जी आरोप लगाकर राजनीतिक फायदा उठाना चाहती है। बीजेपी विधायक कैलाश गहलोत ने कहा, “दिल्ली की जनता सब देख रही है। विपक्ष का काम केवल झूठ फैलाना और अफवाहें उड़ाना रह गया है।”

