दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आज आतंकियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। राजस्थान और उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (USTF) के साथ मिलकर चलाए गए अभियान में पुलिस ने विभिन्न स्थानों से अलकायदा के 14 आतंकी को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई में 14 आतंकी गिरफ्तार
गिरफ्तार किए गए आतंकियों को देश के अलग-अलग हिस्सों से पकड़ा गया है। इनमें से छह आतंकी को राजस्थान के भिवाड़ी से और आठ को झारखंड और उत्तर प्रदेश से हिरासत में लिया गया है। इस तरह कुल 14 आतंकी पकड़े गए हैं। इनके पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है।
17 स्थानों पर पुलिस की छापेमारी
पुलिस के अनुसार, संदिग्ध अलकायदा मॉड्यूल से जुड़े थे और अलग-अलग राज्यों से आए थे। इस समूह का नेतृत्व झारखंड के डॉ. इश्तियाक कर रहे थे। फिलहाल कई स्थानों पर छापेमारी जारी है और आगे भी गिरफ्तारियां होने की उम्मीद है। कई जगहों से हथियार, गोला-बारूद और अन्य सामग्री बरामद की गई है। अभियान अभी भी जारी है और अब तक कुल 17 स्थानों पर छापेमारी की गई है।

