Delhi News: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बीजेपी ने दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता, प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, बैजयंत पांडा, महिला मोर्चा अध्यक्ष वानती श्रीनिवासन और सांसद कमलजीत शहरावत समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस मौके पर महिला समृद्धि योजना को लेकर एक महत्वपूर्ण घोषणा की गई।
कैबिनेट ने दी मंजूरी, जेपी नड्डा ने की तारीख की घोषणा
शनिवार, 8 मार्च को कैबिनेट ने महिला समृद्धि योजना को मंजूरी दे दी। वहीं, इसके रजिस्ट्रेशन की तारीख की घोषणा खुद जेपी नड्डा ने जेएलएन स्टेडियम से की। इस कार्यक्रम में दिल्ली महिला मोर्चा की बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता शामिल हुईं। इस दौरान महिला मोर्चा की विकास यात्रा को भी प्रस्तुत किया गया।
योजना की घोषणा पर महिलाओं में खुशी
कार्यक्रम के दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने महिला मोर्चा की सदस्यों को सम्मानित किया। महिला कार्यकर्ताओं में समृद्धि योजना को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस योजना के तहत बीपीएल परिवार की महिलाओं को हर महीने ₹2500 की आर्थिक सहायता मिलेगी।
स्टेडियम में मौजूद महिलाओं ने इस योजना की सराहना करते हुए कहा कि वे लंबे समय से इस तरह की योजना का इंतजार कर रही थीं। एक महिला ने कहा, “रेखा जी ने हमें अंदरूनी खुशी दी है। जब से महिला सीएम बनी हैं, तब से हम बहुत खुश हैं। महिलाओं की वजह से बीजेपी की सरकार बनेगी।”
गौरतलब है कि महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश जैसे बीजेपी शासित राज्यों में भी यह योजना पहले से लागू है, जहां पात्र महिलाओं को हर महीने एक निश्चित राशि दी जा रही है।
यह भी पढ़ें: Delhi Crime News: दिल्ली पुलिस ने 5.38 लाख की साइबर ठगी का किया भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार
योजना की पात्रता
महिला समृद्धि योजना का लाभ लेने के लिए कुछ शर्तें तय की गई हैं:
दिल्ली की स्थायी निवासी होना जरूरी
उम्र 21 से 60 साल के बीच होनी चाहिए
बीपीएल कार्ड धारक होना अनिवार्य
कोई अन्य सरकारी लाभ नहीं ले रही हों
किसी सरकारी पद पर कार्यरत न हों
परिवार की केवल एक महिला को ही लाभ मिलेगा