Delhi News: सुप्रीम कोर्ट ने 2022 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में बाहुबली नेता और माफिया मुख्तार अंसारी के बेटे उमर अंसारी को राहत दे दी है। उमर अंसारी पर यह आरोप लगा था कि वह अन्य आरोपियों के साथ मिलकर मऊ में जिला प्रशासन को धमकी दी थी। कुख्यात अपराधी और नेता मुख्तार अंसारी की 28 मार्च को दिल का दौरा पड़ने से बांदा जिले के एक अस्पताल में मृत्यु हो गई। अब उमर को मुख्तार के 40वें से ठीक पहले सुप्रीम कोर्ट से अग्रिम जमानत मिल गई है. यह परिवार के लिए एक अच्छी खबर है।
पुलिस ने पूछताछ के लिए नहीं बुलाया
सुप्रीम कोर्ट में उमर अंसारी के मामले की पैरवी कपिल सिब्बल ने की. न्यायमूर्ति ऋषिकेष रॉय और न्यायमूर्ति पी.के. मिश्रा के समक्ष, सिब्बल ने दलील दी कि पुलिस ने चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में उमर अंसारी को एक बार भी पूछताछ के लिए नहीं बुलाया. इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें राहत दी। इससे पहले उमर को मामले के सिलसिले में निचली अदालत में पेश होने के लिए कहा गया था. शीर्ष अदालत ने 25 जनवरी को उन्हें गिरफ्तारी से सुरक्षा प्रदान की थी।
हाई कोर्ट ने अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी थी
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने पिछले साल 19 दिसंबर को उमर अंसारी की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी थी. इस संबंध में 4 मार्च, 2022 को मऊ जिले के कोतवाली पुलिस स्टेशन में अब्बास अंसारी उमर अंसारी और 150 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 3 मार्च, 2022 को पहाड़पुरा मैदान में अब्बास अंसारी, उमर अंसारी और मंसूर अहमद अंसारी ने एक सार्वजनिक जनसभा के दौरान मऊ प्रशासन के साथ ‘इसका हिसाब बराबर करने’ का आह्वान किया था। शिकायत के मुताबिक यह आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है.

