Delhi News: दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना की पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से नहीं बनती, यह बात जगजाहिर है। अरविंद केजरीवाल अक्सर एलजी पर सवाल उठाते हैं, जबकि एलजी सक्सेना पूर्व सीएम पर विभिन्न मुद्दों पर निशाना साधकर पलटवार करते हैं। एक बार फिर उन्होंने बिना नाम लिए अरविंद केजरीवाल पर कटाक्ष किया है।
इंदिरा गांधी दिल्ली तकनीकी महिला विश्वविद्यालय (IGDTUW) के 7वें दीक्षांत समारोह के दौरान दिल्ली के एलजी विनय सक्सेना ने कहा, “मुझे बहुत खुशी है कि दिल्ली की मुख्यमंत्री एक महिला हैं। मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि वह पूर्व मुख्यमंत्री से हजार गुना बेहतर हैं।”
अरविंद केजरीवाल की जगह आतिशी ने सीएम पद की ली शपथ
गौरतलब है कि आतिशी ने इसी साल सितंबर में दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। ऐसा तब हुआ जब सुप्रीम कोर्ट ने कथित दिल्ली शराब घोटाला मामले में अरविंद केजरीवाल को जमानत दे दी। हालांकि, जमानत के साथ केजरीवाल पर कई प्रतिबंध भी लगे।
यह भी पढ़ें: Ghaziabad: गाजियाबाद से नोएडा-ग्रेटर नोएडा यात्रा होगी आसान, NH-9 से शाहबेरी मार्ग होगा चौड़ा
जमानत देते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री कार्यालय में प्रवेश नहीं कर सकते, किसी फाइल पर हस्ताक्षर नहीं कर सकते, मामले से जुड़े गवाहों को प्रभावित नहीं कर सकते या मामले पर टिप्पणी नहीं कर सकते। केजरीवाल के इस्तीफे के बाद 21 सितंबर को आतिशी को दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाया गया था। अब एलजी विनय सक्सेना ने आतिशी की तारीफ करते हुए उन्हें बेहतर मुख्यमंत्री बताया है।

