Delhi News: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गैंगस्टर हाशिम बाबा की तीसरी पत्नी जोया खान को 270 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वेलकम इलाके से बुधवार को हुई इस गिरफ्तारी में बरामद ड्रग्स की कीमत एक करोड़ रुपये आंकी है। जांच में सामने आया कि जोया जेल में बंद हाशिम बाबा के निर्देश पर पूरे गिरोह का संचालन कर रही थी।
गिरोह की आर्थिक सहायता के लिए ड्रग तस्करी में लिप्त थी जोया
स्पेशल सेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जोया गिरोह की आर्थिक मदद के लिए मादक पदार्थों की तस्करी कर रही थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि जोया बुधवार को कार के जरिए ड्रग्स की खेप लेकर वेलकम इलाके में पहुंचेगी। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
गिरोह के सदस्यों की पूरी जानकारी थी जोया के पास
पुलिस अधिकारी के अनुसार, जोया को गिरोह के हर सदस्य की जानकारी थी। वह अपने पति के आदेश पर गैंग के गुर्गों को निर्देश देती थी। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि वह मुजफ्फरनगर से हेरोइन मंगवाकर दिल्ली में तस्करी कर रही थी।
बर्तन कारोबारी की हत्या से जुड़ा नाम
स्पेशल सेल के अधिकारियों के मुताबिक, पिछले साल 9 दिसंबर को फर्श बाजार इलाके में बर्तन कारोबारी सुनील जैन की हत्या हुई थी। जांच में खुलासा हुआ कि यह हत्या हाशिम बाबा के इशारे पर कराई गई थी, लेकिन हमलावरों ने गलत व्यक्ति को निशाना बना लिया था।
इस मामले में उत्तर-पूर्व जिले में तैनात एसआई सुखबीर सिंह भी हाशिम बाबा के संपर्क में था। उसने गिरोह के शूटरों को आर्थिक मदद और छिपने की जगह उपलब्ध कराई। एसआई को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जिससे खुलासा हुआ कि जोया ही गिरोह का संचालन कर रही थी।
जिम मालिक की हत्या के बदमाशों को भी दी थी शरण
जांच में सामने आया कि जोया ने ग्रेटर कैलाश में जिम मालिक की हत्या में शामिल बदमाशों को भी शरण दी थी। इसके अलावा, उसने गिरोह के सदस्यों को फंडिंग और लॉजिस्टिक सपोर्ट मुहैया कराया।
इंस्टाग्राम पर भी रहती थी एक्टिव
जोया खान महंगे कपड़ों और गहनों की शौकीन थी और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर भी सक्रिय थी। उसके करीब 23 हजार फॉलोअर्स थे और वह फिल्मी गानों पर आधारित रील्स और वीडियो अपलोड करती थी। कई वीडियो में वह कार चलाते और गानों पर डांस करते हुए नजर आती थी।
परिवार भी अपराध में लिप्त
पुलिस ने बताया कि जोया का पिता और भाई भी मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े हुए हैं। उसकी मां को पिछले साल देह व्यापार गिरोह का संचालन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। जोया पहले से शादीशुदा थी, लेकिन 2017 में पहले पति को तलाक देकर उसने हाशिम बाबा से शादी कर ली। इसके बाद वह धीरे-धीरे गिरोह के संचालन में शामिल हो गई। बताया जा रहा है कि वह जेल में हाशिम बाबा से मिलने जाती थी, जहां से उसे गिरोह से जुड़े निर्देश मिलते थे।
यह भी पढ़ें: Ghaziabad: मोदीनगर में दर्दनाक सड़क हादसा, तीन कांवड़ियों की मौत, दो घायल
पुलिस कर रही है आगे की जांच
फिलहाल पुलिस जोया से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गिरोह के अन्य कौन-कौन से सदस्य इस तस्करी में शामिल हैं। हेरोइन की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए पुलिस अब जोया के नेटवर्क का पूरा विश्लेषण कर रही है।

