Delhi News: दिल्ली में लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. पार्टी के पूर्व अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली समेत पांच कांग्रेस नेता कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए हैं. लवली के अलावा राजकुमार चौहान, नीरज बसोया, अमित मलिक और नसीब सिंह भी बीजेपी में शामिल हुए हैं. इन सभी का आज भाजपा मुख्यालय में दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पार्टी में स्वागत किया। गौरतलब है कि लवली ने अभी 28 अप्रैल को ही कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था.
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने उन सभी का स्वागत करते हुए कहा कि जो भी दिल्ली से सच्चा प्यार करता है वह कांग्रेस में नहीं रह सकता. मुझे उम्मीद है कि अब हम सब मिलकर दिल्ली के उत्थान के लिए काम करेंगे।’ बीजेपी में शामिल होने के बाद लवली ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि वह बीजेपी को धन्यवाद देना चाहते हैं. जब हम हारे हुए घूम रहे थे तो पार्टी ने हमारा साथ दिया. दिल्ली में बीजेपी की सरकार बनाने के लिए हम सब कुछ करेंगे. हम मोदी के हाथ को मजबूत करने का काम करेंगे.
लवली के जाने पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने अरविंदर सिंह लवली के बारे में कहा कि कांग्रेस ने उन्हें बच्चे की तरह पाला, तीन बार विधायक, मंत्री और प्रदेश अध्यक्ष बनाया. 2017 के चुनाव में उन्होंने धोखा दिया और अब फिर से धोखा दिया है. ऐसे लोगों के जाने से इस विशाल पार्टी पर कोई फर्क नहीं पड़ता.
लवली की कांग्रेस से नाराजगी की वजह
अरविंद सिंह लवली दिल्ली में आम आदमी पार्टी से गठबंधन के खिलाफ थे. इसके अलावा वह उत्तर पश्चिम दिल्ली से राजकुमार चौहान को टिकट नहीं मिलने से भी नाराज थे. लवली ने इस्तीफा देते समय मल्लिकार्जुन खड़गे को लिखे पत्र में अपनी नाराजगी का हवाला दिया था।

