Delhi News: दिल्ली में बारिश के कारण मरने वालों के परिवारों के लिए अब मुआवजे का ऐलान किया गया है। दिल्ली सरकार ने इस मुआवजे का ऐलान किया है। दिल्ली सरकार ने 28 जून को भारी बारिश के दौरान बाढ़ के पानी में डूबे लोगों के परिवारों के लिए ₹10 लाख का मुआवजा घोषित किया है। दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने एसीएस रेवेन्यू को दिल्ली के विभिन्न इलाकों के अस्पतालों की मदद से बारिश के दौरान मरने वाले व्यक्तियों की पहचान करने का निर्देश दिया है।
मंत्री आतिशी ने दिए निर्देश
केजरीवाल सरकार की मंत्री आतिशी ने कहा, “28 जून को 228 मिमी बारिश हुई थी। इस मूसलाधार बारिश में कई लोगों की जान चली गई। निर्देश दिया जाता है कि इस भारी बारिश में जान गंवाने वालों के परिवारों को ₹10 लाख का मुआवजा दिया जाए। इसलिए एसीएस रेवेन्यू को निर्देश दिया जाता है कि वे बारिश में मरने वालों की पहचान करें। दिल्ली पुलिस और अस्पताल मृतकों की पहचान करने में मदद करें और उन्हें तुरंत मुआवजा राशि दी जाए।”
अंडरपास में डूबने से मौत
इससे पहले खबर आई थी कि दिल्ली में भारी बारिश के बाद दो अलग-अलग इलाकों में पानी भरे अंडरपास में दो लड़कों समेत तीन लोग डूब गए। पहली घटना उत्तर पश्चिमी दिल्ली के समयपुर बादली में मेट्रो के पास सिरसपुर अंडरपास के पास हुई, जहां शनिवार दोपहर दो लड़के करीब ढाई से तीन फीट पानी में डूब गए। दूसरी घटना शुक्रवार सुबह छह बजे ओखला इंडस्ट्रियल एरिया में हुई, जहां एक व्यक्ति पानी से भरे अंडरपास में डूब गया। व्यक्ति की पहचान जैतपुर निवासी 60 वर्षीय दिग्विजय कुमार चौधरी के रूप में हुई।

