Delhi News: दिल्ली यूनिवर्सिटी के खालसा कॉलेज में छात्रों के दो गुटों के बीच झड़प का मामला सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रिंसिपल ऑफिस के बाहर झड़प हुई, जिसमें एक सिख छात्र की पगड़ी गिर गई। घटना रविवार की बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। झड़प उस वक्त हुई, जब एक छात्र और उसका ग्रुप डूसू चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने जा रहा था, तभी छात्रों के दूसरे ग्रुप ने उनका विरोध किया। इसके बाद दोनों गुटों में कहासुनी हो गई, जो मारपीट में बदल गई। इस दौरान एक छात्र की पगड़ी गिर गई।
छात्र का दावा है कि उसके बाल खींचे गए और उसे पीटा भी गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें छात्रों का एक ग्रुप प्रिंसिपल ऑफिस के बाहर खड़ा दिख रहा है। लाल पगड़ी पहने एक छात्र को कुछ छात्रों ने घसीटा, पीटा और लात-घूसे मारे। हाथापाई के दौरान छात्र की पगड़ी उतर गई, जिसके बाद कुछ अन्य छात्रों ने बीच-बचाव किया। पुलिस ने आईपीसी की धारा 299, 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की है।
छात्र को जान जाने की डर
एक न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, पुलिस ने बताया कि द्वितीय वर्ष के छात्र पवित्त सिंह गुजराल ने दावा किया है कि डीयूएसयू चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के दौरान उस पर हमला किया गया था। एफआईआर में छात्र ने कहा, “उन्होंने जबरन मेरी पगड़ी उतार दी, मुझे पीटा और मेरे बाल खींचे। हमलावरों ने मुझ पर हमला किया और अब मैं कॉलेज में सुरक्षित महसूस नहीं करता।” छात्र ने यह भी कहा कि उसे अपनी जान का डर है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए एक टीम बनाई गई है। इस बीच, कॉलेज ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। इससे पहले, कॉलेज के प्रिंसिपल गुरमोहिंदर सिंह ने दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन को पत्र लिखकर कहा था कि कॉलेज अपने छात्र चुनाव आयोजित करेगा। उन्होंने उल्लेख किया था कि यह निर्णय डीएसजीएमसी के निर्देशों के बाद लिया गया था।

