दिल्ली की तिहाड़ जेल नंबर 8 और 9 में शुक्रवार को कैदियों के बीच हाथापाई हो गई। झड़प में दो कैदी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इनमें से एक को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
भाई की हत्या का बदला लेने करवाया हमला
शुरुआती जांच में पता चला है कि लोकेश की हत्या के आरोपी दो कैदी लवली और लविश दोनों ही तिहाड़ जेल में बंद हैं। शुक्रवार को जब लवली और लविश फोन पर बात कर रहे थे, तभी लोकेश के भाई ने अपने साथियों हिमांश और अभिषेक के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया। हमले में लवली और लविश घायल हो गए। शाम को उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर एक को वापस जेल भेज दिया और दूसरे को आगे के इलाज के लिए भर्ती कर लिया। जांच में यह भी पता चला कि लवली और लविश लोकेश की हत्या के सिलसिले में जेल में बंद थे और बदला लेने के लिए लोकेश के भाई ने हिमांश और अभिषेक के साथ मिलकर हमला करवाया।
तिहाड़ में पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
इस तरह की घटनाएं तिहाड़ में पहले भी हो चुकी हैं। मई में जेल नंबर 3 में कैदियों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके परिणामस्वरूप एक सजायाफ्ता कैदी की हत्या हो गई। मृतक की पहचान दिल्ली के शकूरपुर निवासी दीपक (29 वर्षीय) के रूप में हुई, जो हत्या के आरोप में सजा काट रहा था और जेल में बतौर नौकर काम करता था। बताया जाता है कि अब्दुल बशीर (44 वर्षीय) ने उस पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। डीडीयू अस्पताल में उसे बचाने के प्रयासों के बावजूद, दीपक ने दम तोड़ दिया। अब तक की जांच से पता चला है कि इस घटना में किसी गिरोह का हाथ नहीं था।

