Delhi News: राजधानी दिल्ली में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 12 साल की बच्ची को भूत-प्रेत भगाने के बहाने कब्रिस्तान में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। यह घिनौनी वारदात कंझावला थाना क्षेत्र के सावदा की जेजे कॉलोनी में हुई। 52 वर्षीय आरोपी बच्ची को उसके बीमार पिता के इलाज के बहाने कब्रिस्तान ले गया। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पोक्सो एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कब्रिस्तान में किया रेप
जानकारी के अनुसार, कंझावला थाने को मंगलवार को पीसीआर कॉल मिली थी, जिसमें करीब 12 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की बात कही गई थी। स्थानीय पुलिस तुरंत सावदा जेजे कॉलोनी पहुंची, जहां उन्होंने पीड़िता और उसके परिवार से बात की, घटना के बारे में जानकारी जुटाई और उसका बयान दर्ज किया। पुलिस को दिए गए बयान में पीड़िता ने बताया कि उसके पिता को एक पुरानी बीमारी है और उसका इलाज एक ऐसे व्यक्ति से चल रहा है, जो झाड़-फूंक से इलाज करने का दावा करता है। इलाज के बहाने वह व्यक्ति उसे अपने साथ कब्रिस्तान ले गया, जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया।
मामला दर्ज
पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने कंझावला थाने में धारा 65(2) बीएनएस और 06 पोक्सो एक्ट के तहत एफआईआर नंबर 377/24 दर्ज कर ली है। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने एसजीएम अस्पताल में लड़की की मेडिकल जांच भी कराई। पुलिस ने लड़की के बयान के आधार पर बलात्कार के आरोप में मोहम्मद शरीफ (52 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

