Delhi-NCR Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते बुधवार रात नोएडा और एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। इस दौरान तेज हवा के झोंकों ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया। बारिश के साथ गरज और चमक का भी नजारा देखने को मिला, जबकि घने बादलों ने आसमान को ढक लिया। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठंड बढ़ गई है। साथ ही, इस बारिश से प्रदूषण के स्तर में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
सुबह घना कोहरा और हल्की बारिश की संभावना
बुधवार सुबह नोएडा और एनसीआर के अधिकांश इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कई इलाकों में दृश्यता का स्तर 100 मीटर से भी कम था। दोपहर के बाद पूर्वी-दक्षिणी हवाओं के चलते कोहरा छंटने लगा और हल्की धूप निकली, लेकिन आसमान पूरी तरह साफ नहीं हो सका। इस बदलाव के कारण दिल्ली एनसीआर का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री कम यानी 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार को भी हल्की बारिश हो सकती है और मौसम में बदलाव जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें: Noida News: ठंड बढ़ने के कारण स्कूलों में छुट्टी घोषित, 16 और 17 जनवरी तक रहेगा अवकाश
पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम का बदला मिजाज
शाम सात बजे के बाद मौसम में और बदलाव आया। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से घने बादल छा गए और कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि गुरुवार को नोएडा का अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहेगा। सुबह के समय एनसीआर में मध्यम से घना कोहरा छा सकता है और कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। मौसम में यह बदलाव ठंड को और बढ़ा सकता है।

