Delhi-NCR Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ रहा है, लेकिन आगामी दिनों में मौसम करवट ले सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आ सकती है और मौसम सुहावना हो सकता है।
सोमवार को घना कोहरा, दिन में हल्की गर्मी
मौसम विभाग के मुताबिक, 23 फरवरी को दिल्ली में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। दिन में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने का अनुमान है।
27 फरवरी से 1 मार्च तक बारिश के आसार
आईएमडी के अनुसार, 27 फरवरी से 1 मार्च के बीच दिल्ली में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी होगी, जबकि अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। 25 फरवरी से 1 मार्च के बीच न्यूनतम तापमान 11 से 16 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
तापमान औसत से अधिक
रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 1.2 डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम था। दिनभर आसमान साफ रहा और आर्द्रता का स्तर 96 प्रतिशत से 44 प्रतिशत के बीच रहा।
यह भी पढ़ें: Noida: शादी समारोह में हर्ष फायरिंग से दो लोग घायल, एक की हालत गंभीर
वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, रविवार शाम 6 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 143 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।
AQI स्केल के अनुसार:
- 0-50: अच्छा
- 51-100: संतोषजनक
- 101-200: मध्यम
- 201-300: खराब
- 301-400: बहुत खराब
- 401-500: गंभीर

