Delhi-NCR Weather Update: दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के शहरों में भी भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में दिल्ली के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। इस बारे में आईएमडी ने येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने यह भी बताया कि गुरुवार को दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दिल्ली और एनसीआर के शहरों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 3 सितंबर तक दिल्ली एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम, जानिए।
एनसीआर के शहरों में भी इसी तरह का मौसम रहने की उम्मीद है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में मानसून की एक रेखा सक्रिय है। अगले 48 घंटों के बाद इसका असर कम हो जाएगा, जिससे बारिश में कमी आएगी। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि 28 और 29 अगस्त को दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
बारिश की संभावना
30 अगस्त को भी दिल्ली में मौसम ऐसा ही रहने की उम्मीद है। इस दिन हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है, हालांकि इसको लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। 31 अगस्त और 1 सितंबर को दिल्ली के आसमान पर बादल कम छाए रहेंगे। आईएमडी ने अनुमान जताया है कि इन दो दिनों में तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी और अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
इसके अलावा, इस दौरान न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। इसके बाद 2 और 3 सितंबर को हल्की बारिश या बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे मौसम सुहाना हो सकता है। इन दो दिनों में दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के अनुसार, सितंबर के पहले सप्ताह में दिल्ली में बारिश हो सकती है।

