Delhi-NCR Weather Update: दिल्ली और पूरे एनसीआर में कड़ाके की ठंड जारी है, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। खुद को गर्म रखने के लिए लोग अलाव जला रहे हैं। जनवरी के पहले सप्ताह में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से नीचे चला गया है। सफदरजंग वेधशाला में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम है। पिछले कुछ दिनों से राजधानी में निचले स्तर के बादल छाए हुए हैं, जिससे सूरज नहीं चमक रहा है और दिन के तापमान में गिरावट आ रही है। साथ ही सर्द हवाओं के कारण ठंड का असर और बढ़ गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।
आज भी छाए रह सकते हैं हल्के बादल
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में दिल्ली में हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है। इसके साथ ही राजधानी में दिन के तापमान में भी गिरावट जारी रहेगी। हालांकि, शनिवार को मौसम साफ रहने की उम्मीद है और शुक्रवार को बादल छाए रहने की संभावना है। इसके अलावा, रविवार को दिल्ली और एनसीआर में हल्की बारिश हो सकती है। आने वाले दिनों में मंगलवार और बुधवार को आसमान साफ रहने की उम्मीद है। इस दौरान शीतलहर जारी रहेगी और लोगों को ठिठुरन भरी ठंड का सामना करना पड़ेगा।
रविवार और सोमवार को हल्की बारिश की संभावना
दिल्ली में कड़ाके की ठंड का असर जारी है और न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 16 दिसंबर के बाद यह पहला मौका है जब न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से नीचे गया है। मौसम के बदलते मिजाज के कारण आने वाले दिनों में बारिश की संभावना है। रविवार और सोमवार को हल्की बारिश की संभावना है, जबकि मंगलवार और बुधवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है। ठंड और कोहरे के कारण राजधानी में लोगों को खासकर सुबह के समय सर्दी के तीखे असर का सामना करना पड़ सकता है।

