Delhi NCR Weather Today : देश की राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर में मौसम विभाग ने लू की चेतावनी जारी कर दी है। अप्रैल के महीने में ही इस बार जून जैसे हालात हो गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली और इसके आसपास के लगभग 15 जिलों में लू के थपेड़े चल सकते हैं, जिससे लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
40 डिग्री पार पहुंचा तापमान
बीते सोमवार को इस सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान भी सामान्य से थोड़ा अधिक 20.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यह तापमान इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक था।
सीजन का सबसे गर्म दिन रहा 7 अप्रैल
तापमान में अचानक बढ़ोतरी के कारण 7 अप्रैल को सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। पिछले साल अप्रैल में 27 अप्रैल को तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस और वर्ष 2023 में 18 अप्रैल को 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, 2009 और 2022 में अप्रैल के अंत में तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। 1941 में 29 अप्रैल को दिल्ली में तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस का ऑल टाइम रिकॉर्ड भी दर्ज हुआ था।
लू का खतरा
मौसम विभाग के अनुसार, लू तब चलती है जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक हो और यह सामान्य तापमान से चार से पांच डिग्री अधिक हो। सोमवार को इस मौसम की पहली लू चली, और इस साल यह तापमान में बढ़ोतरी अप्रैल के पहले हफ्ते में ही देखी गई है, जबकि सामान्यत: ऐसा बढ़ा तापमान अप्रैल के अंत में देखा जाता है।
आगे का मौसम
मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार को भी तापमान 40-42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने और लू चलने की भविष्यवाणी की है। हालांकि, आठ अप्रैल से एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में सक्रिय हो रहा है, जिसका असर 9 से 11 अप्रैल तक रहेगा। इस कारण से 10 अप्रैल को आंशिक बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना है। हालांकि, इस बारिश से तापमान में केवल एक से दो डिग्री की गिरावट होगी। पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होते ही तापमान में फिर से बढ़ोतरी हो सकती है।
आज का तापमान
- अधिकतम तापमान: 40.2 डिग्री सेल्सियस
- न्यूनतम तापमान: 20.2 डिग्री सेल्सियस
- 8 अप्रैल को सूर्यास्त: शाम 6:43 मिनट
- 9 अप्रैल को सूर्योदय: सुबह 6:02 मिनट
इस साल गर्मी ने जल्दी ही दस्तक दे दी है, और दिल्लीवासी लू के थपेड़ों से बचने के लिए तैयार रहें।