Delhi-NCR Weather Forecast: मंगलवार शाम को दिल्ली एनसीआर के विभिन्न इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में दिल्ली समेत एनसीआर के विभिन्न शहरों में तेज हवाओं और गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को भी दिल्ली एनसीआर में मौसम प्रतिकूल रहने की संभावना है। आईएमडी ने बुधवार को भी दिल्ली एनसीआर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
अगले दो दिनों में दिल्ली में बादल छाए रहने और बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इससे अधिकतम तापमान में दो डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। इस बीच, मंगलवार को दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र पर सुबह का तापमान सामान्य से एक डिग्री कम दर्ज किया गया। मंगलवार की सुबह दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में तेज धूप खिली रही। हालांकि, बीच-बीच में हल्के बादल छाए रहे। शाम पांच बजे के बाद दिल्ली के कई इलाकों में घने बादल छा गए और कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे मौसम सुहाना हो गया।
अगले दो दिन में बारिश की संभावना
मंगलवार को सफदरजंग मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम था। आर्द्रता का स्तर 78 से 67 प्रतिशत के बीच रहा। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
गौरतलब है कि बुधवार को दिल्ली के कुछ इलाकों में अच्छी बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की गति 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की उम्मीद है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इससे अधिकतम तापमान में दो डिग्री तक की गिरावट हो सकती है। गुरुवार को भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
20 सितंबर से मौसम रहेगा साफ़
मौसम विभाग ने 20 सितंबर से दिल्ली और एनसीआर इलाकों में मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है। आईएमडी के मुताबिक 21, 22 और 23 सितंबर को बारिश नहीं होगी। हालांकि इस दौरान आसमान में छिटपुट बादल देखने को मिल सकते हैं। पूरे सप्ताह राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।

