Delhi NCR Earthquake: दिल्ली-एनसीआर में रविवार रात भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4 मापी गई, लेकिन झटके इतने तेज थे कि लोगों में घबराहट फैल गई। भूकंप का केंद्र दिल्ली के धौलाकुआं के पास था, जहां पहले भी इस तरह के झटके महसूस हो चुके हैं।
कम तीव्रता के बावजूद झटके क्यों लगे तेज?
विशेषज्ञों के अनुसार, इस भूकंप की गहराई मात्र 5 किलोमीटर थी, जिस वजह से दिल्ली-एनसीआर में झटके ज्यादा तेज महसूस किए गए। आमतौर पर जब भूकंप की गहराई कम होती है, तो उसका प्रभाव सतह पर अधिक महसूस होता है। यही वजह है कि भले ही इसकी तीव्रता 4 थी, लेकिन दिल्ली के लोगों को यह ज्यादा तेज लगा।
बाल-बाल बची दिल्ली, बड़ा नुकसान टला
दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में लोगों ने तेज आवाज के साथ झटके महसूस किए, लेकिन राहत की बात रही कि भूकंप की तीव्रता ज्यादा नहीं थी। अगर यही झटके थोड़ी ज्यादा तीव्रता के होते, तो बड़ा नुकसान हो सकता था। फिलहाल किसी भी तरह की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
दिल्ली में बड़ा भूकंप आने की संभावना?
दिल्ली-एनसीआर भूकंप के लिहाज से संवेदनशील इलाकों में आता है। विशेषज्ञ पहले ही चेतावनी दे चुके हैं कि भविष्य में यहां एक बड़ा भूकंप आ सकता है, जिससे व्यापक नुकसान की संभावना बनी रहती है। कई इमारतें भूकंपरोधी नहीं हैं, जिससे किसी बड़े झटके में भारी तबाही हो सकती है।
भूकंप क्यों आता है?
पृथ्वी के अंदर सात टेक्टोनिक प्लेट्स लगातार घूमती रहती हैं। जब ये प्लेट्स आपस में टकराती हैं, तो फॉल्ट लाइन पर दबाव बनता है। ज्यादा दबाव पड़ने पर प्लेट्स टूट जाती हैं, जिससे भूकंप के झटके महसूस होते हैं। इस बार भी भूकंप के झटकों के बाद लोगों की प्रतिक्रियाएं सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं। कई लोगों ने अपने अनुभव शेयर किए, जिसमें अचानक आई तेज आवाज और धरती हिलने की बातें साझा की गईं।

