Delhi: दिल्ली के 20 से अधिक अस्पतालों और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। एम्स और सफदरजंग जैसे प्रमुख अस्पतालों के नाम भी इस धमकी में शामिल हैं। ईमेल के जरिए दी गई इस धमकी के बाद से केंद्रीय एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। हालाँकि अब तक किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता नहीं चला है। यह चिंता का विषय है कि हर कुछ दिनों में ऐसी धमकियां मिल रही हैं, जिनका सुराग पकड़ना सुरक्षा एजेंसियों के लिए मुश्किल हो रहा है।
धमकी भरी ईमेल का विवरण
धमकी भरी इस ईमेल में लिखा गया, “नमस्ते, हमने आपकी बिल्डिंग में कई विस्फोटक सामग्री रखी है। इन्हें काले बैगपैक में छिपाया गया है। कुछ ही घंटों में ये बम फटने वाले हैं। आप सभी खून में डूब जाएंगे, और कोई भी इस तबाही से नहीं बचेगा। मेरे मन में मानवता के लिए सिर्फ घृणा है। आज का दिन आपकी जिंदगी का आखिरी दिन होगा। इस हमले के पीछे ‘कोर्ट’ नाम का एक समूह है, और हम इस आतंक को जारी रखेंगे। हमारे समूह का नाम न्यूज़ आउटलेट्स को दें।” इस ईमेल के तुरंत बाद ही सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं हैं।
चार महीने पहले भी हुई थी ऐसी धमकी
इससे पहले, लगभग चार महीने पहले, दिल्ली-एनसीआर के 100 से अधिक स्कूलों को इसी प्रकार की बम धमकी मिली थी। उस समय धमकी भरे ईमेल का फॉर्मेट Mail.ru था, जो कि एक रूसी सर्वर का उपयोग करता है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रकार की धमकियों के पीछे एक खास पैटर्न हो सकता है, जिसे समझना जरूरी है। ये ईमेल एक ही समय पर बड़े पैमाने पर भेजे जा रहे हैं, जो चिंता का कारण है। कुछ इसे शरारत मान रहे हैं, जबकि कुछ इसके पीछे किसी बड़े षड्यंत्र की आशंका जता रहे हैं।
ये भी पढ़ें..
पर्यावरण की रक्षा में अक्षय ऊर्जा की भूमिका महत्वपूर्ण : डॉक्टर लक्ष्मी नारायण मालवीय
जनता से शांति बनाए रखने की अपील
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि वे स्थिति पर पूरी नजर रख रहे हैं और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर जरूरी कदम उठा रहे हैं।

