Delhi Metro Viral Video: दिल्ली मेट्रो के कई वीडियो आए दिन सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं, लेकिन हाल ही में वायरल हो रहे एक वीडियो ने बड़ा बवाल खड़ा कर दिया है। इस वीडियो के सामने आने के बाद लोग दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कई यात्री मेट्रो स्टेशन के एग्जिट गेट से कूदते हुए और हंगामा मचाते हुए नजर आ रहे हैं। यह घटना शब-ए-बारात के मौके की बताई जा रही है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा को लेकर बहस छिड़ गई है। बता दें कि दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा की जिम्मेदारी सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (CISF) के पास है।
डीएमआरसी की सफाई
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने इस पर सफाई दी है। डीएमआरसी ने बताया कि यह वीडियो 13 फरवरी का है और यह घटना जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन की है। डीएमआरसी के अनुसार, 13 फरवरी की शाम को अचानक जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इसी दौरान कुछ लोगों ने कूदकर एग्जिट गेट पार करने की कोशिश की।
डीएमआरसी ने आगे कहा कि ऐसे यात्रियों को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षाकर्मी हर समय वहां मौजूद थे। अधिकारियों के अनुसार, एएफसी गेट (ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन गेट) पर अचानक भीड़ बढ़ने की वजह से कुछ यात्रियों ने यह कदम उठाया। डीएमआरसी के मुताबिक, यह भीड़ केवल कुछ समय के लिए थी और जल्द ही स्थिति सामान्य हो गई। यह घटना जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन के वायलेट लाइन पर हुई थी।

