Delhi Metro News: यात्रीगण कृपया ध्यान दें… रविवार को मेट्रो से यात्रा करने वालों को अब सुबह 8 बजे परिचालन शुरू होने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने तीसरे चरण के सभी कॉरिडोर के टर्मिनल स्टेशनों से मेट्रो सेवाएं सुबह 8 बजे के बजाय सुबह 6 बजे या 7 बजे शुरू करने का निर्णय लिया है। यह नया शेड्यूल रविवार से लागू होगा।
बढ़ती भीड़ को देखते हुए लिया गया निर्णय
मेट्रो प्रबंधन के अनुसार यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। नया शेड्यूल 25 अगस्त से लागू होगा। रविवार को यात्रियों की कम संख्या के कारण पहले तीसरे चरण के कॉरिडोर के टर्मिनल स्टेशनों से मेट्रो सेवाएं सुबह 8 बजे शुरू होती थीं। नया शेड्यूल कुल छह कॉरिडोर पर लागू होगा। मेट्रो का मानना है कि नए शेड्यूल से हजारों यात्रियों को फायदा होगा। इसका खास तौर पर फायदा नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, उत्तर-पूर्वी दिल्ली और उत्तरी दिल्ली को होगा।
इन कॉरिडोर पर बदला गया समय
मेट्रो प्रबंधन के अनुसार, फेज-III कॉरिडोर पर रविवार को मेट्रो सेवाएं शहीद स्थल नया बस अड्डा गाजियाबाद से दिलशाद गार्डन, मुंडका से ब्रिगेडियर होशियार सिंह और बदरपुर से राजा नाहर सिंह फरीदाबाद तक सुबह 8:00 बजे शुरू होती थीं। लेकिन, आने वाले रविवार से सेवाएं सुबह 6:00 बजे शुरू होंगी। इसी तरह, पिंक लाइन (मजलिस पार्क से शिव विहार) और मैजेंटा लाइन (बॉटनिकल गार्डन नोएडा से जनकपुरी पश्चिम) पर रविवार को मेट्रो सेवाएं सुबह 8:00 बजे शुरू होती थीं, लेकिन आने वाले रविवार से ये सुबह 7:00 बजे शुरू होंगी।

