हाल के दिनों में दिल्ली मेट्रों के कोच के अंदर इंस्टाग्राम रील्स और वीडियो बनाने वालों की तादाद बढ़ गयी है। मेट्रो के अंदर बनाई गयी रील्स और वीडियो पर काफी लाइक्स और व्यूज आते हैं लेकिन इसके साथ ही साथी यात्रियों को परेशानी का सामना भी करना पड़ता है। इसे देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने लोगों से रील्स और वीडियो नहीं बनाने की अपील की है और इसके साथ ही मेट्रो के कोच में वीडियो और रील्स बनाने पर रोक लगा दी है।
इस तरह की चेतावनी दिल्ली मेट्रो की तरफ से पहले भी जारी की गई थी, लेकिन उसका कोई फायदा नहीं हुआ। उसके बाद भी अक्सर मेट्रो कोच के अंदर रील बनाने के वीडियो सामने आते रहे हैं। सोमवार को दिल्ली मेट्रो ने यात्रियों को यात्रा के दौरान वीडियो रिकॉर्ड करने पर रोक लगाते हुए अपना यह संदेश एक बार फिर दोहराया।
दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन ने मंगलवार को एक बार फिर से रील्स और वीडियो बनाने वालों को चेतावनी देते हुए ट्वीट करके कहा कि “यात्रा करो, परेशानी मत करो।” साथ ही दिल्ली मेट्रो ने एक पोस्टर साझा करते हुए लिखा, “दिल्ली मेट्रो में यात्री बनो, उपद्रव नहीं।” साथ ही दिल्ली मेट्रो की ओर से कहा गया, “दिल्ली मेट्रो के अंदर रील, डांस वीडियो या ऐसी कोई भी गतिविधि बनाना सख्त वर्जित है, जिससे यात्रियों को असुविधा हो सकती है।”

