Delhi Liquor Policy: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शराब नीति में कथित अनियमितताओं से जुड़े मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सातवां समन जारी किया है। सीएम केजरीवाल को 26 फरवरी को पूछताछ के लिए पेश होने के लिए कहा गया है। इससे पहले, केजरीवाल को इस मामले में ईडी द्वारा 6 बार समन जारी किया गया था, लेकिन वह किसी भी नोटिस पर ईडी कार्यालय में उपस्थित नहीं हुए। ऐसे में सीएम के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं.
क्या केजरीवाल अपनी ही मुश्किलें बढ़ा रहे हैं?
शराब घोटाले के मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी आम आदमी पार्टी (AAP) के मुखिया केजरीवाल को छह बार नोटिस जारी कर चुकी है. आखिरी समन 19 फरवरी को जारी किया गया था, लेकिन केजरीवाल उपस्थित नहीं हुए और इसे गैर-क़ानूनी घोषित कर दिया गया। दरअसल, केजरीवाल द्वारा ईडी के समन को लगातार टालना ईडी एक्ट की धारा 19 के तहत असहयोग के मामले को मजबूत कर रहा है, जिससे उनकी अपनी मुश्किलें बढ़ रही हैं।
कोर्ट के जवाब का इंतजार करना चाहिए
छठे समन पर उपस्थित नहीं होने पर आप प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा था कि पार्टी ने सभी समन का जवाब दिया है और जांच एजेंसी को इस मामले पर अदालत के फैसले का इंतजार करना चाहिए। पार्टी ने बार-बार ईडी के समन को अवैध बताया है.
कब-कब जारी हुए समन
अब तक, केजरीवाल को ईडी द्वारा सात समन जारी किए गए हैं, जिसमें हालिया 16 फरवरी का समन भी शामिल है। इससे पहले, केजरीवाल को 2 फरवरी, 18 जनवरी, 3 जनवरी 2024, 21 दिसंबर 2023 और पहला समन 2 नवंबर, 2023 को जारी किया गया था। लेकिन केजरीवाल इनमें से किसी भी समन पर ईडी कार्यालय में उपस्थित नहीं हुए।
ईडी कोर्ट से मांग की थी पेशी से छूट
हालांकि, छह समन जारी होने के बाद केजरीवाल 17 फरवरी को ईडी कोर्ट की सुनवाई में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े थे। वकील ने कोर्ट को बताया था कि दिल्ली सरकार के बजट और विश्वास प्रस्ताव के कारण सीएम केजरीवाल पेश नहीं हो सके। वहीं, केजरीवाल ने भी कोर्ट से कहा कि वह आना चाहते थे लेकिन बजट और विश्वास प्रस्ताव के कारण नहीं आ सके. मैं अगली तारीख पर आऊंगा. अरविंद केजरीवाल के वकीलों ने पेशी से छूट के लिए याचिका दायर की थी. अब अगली सुनवाई 16 मार्च 2024 को होनी है.

