DELHI LIQUOR POLICY: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बुधवार यानी आज 2 नवंबर को मध्य प्रदेश के लिए रवाना हो गए है, जहां उनका आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सिंगरौली में एक रोड शो करने का कार्यक्रम है। बता दें कि आज ही के दिन उन्हें दिल्ली शराब नीति घोटाले के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सामने पेश होना था, लेकिन उन्होंने ED को पत्र भेजकर समन वापस लेने का अनुरोध किया है. केजरीवाल का दावा है कि समन राजनीति से प्रेरित और अवैध है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के इशारे पर यह कदम उठाया गया है। बता दें कि ED ने सीएम केजरीवाल को 30 अक्टूबर समन भेजकर पेश होने के लिए बुलाया था।
गौरतलब है कि शराब नीति घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा सौंपे गए आरोपों में बार-बार अरविंद केजरीवाल का नाम लिया गया है। इस साल की शुरुआत में अप्रैल के महीने में केंद्रीय जांच एजेंसी CBI ने उनसे इस मामले को लेकर पूछताछ की थी। सीएम अरविंद केजरीवाल के आज ईडी के सामने पेश नहीं होने से सवाल उठता है कि उनके पास क्या विकल्प हैं और आगे का रास्ता क्या है?
ईडी के पास क्या विकल्प हैं ?
प्रवर्तन निदेशालय अरविंद केजरीवाल को दोबारा समन जारी कर सकता है। कोई भी व्यक्ति ईडी के समन को केवल तीन बार ही नजरअंदाज कर सकता है। समन भेजने के बाद जांच एजेंसी गैर जमानती वारंट की मांग कर सकती है। गैर-जमानती वारंट जारी करने के लिए अदालत के आदेश की आवश्यकता होती है, और व्यक्ति को निर्दिष्ट तिथि और समय पर अदालत के समक्ष उपस्थित होना जरूरी होता है। यदि व्यक्ति फिर भी अनुपालन नहीं करता है, तो उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है, और बाद में अदालत में पेशी होगी।
यह भी पढ़ें: ED के सामने आज पेश नहीं होंगे सीएम केजरीवाल- सूत्र, समन पर दिया मुख्यमंत्री ने ये जवाब
अरविंद केजरीवाल के लिए विकल्प:
सीएम अरविंद केजरीवाल समन को अदालत में चुनौती दे सकते हैं और अग्रिम जमानत का अनुरोध कर सकते हैं. शराब नीति घोटाला मामले में आम आदमी पार्टी (आप) की चुनौतियां बढ़ती जा रही हैं। फरवरी में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद से वह लगातार जमानत की मांग कर रहे हैं, लेकिन अदालतों ने उन्हें राहत देने से इनकार कर दिया है। इसके अलावा, AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को भी 5 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था। इनके अलावा, दिल्ली सरकार के मंत्री राज कुमार आनंद के आवास पर भी आज छापेमारी की गई।
सिंगरौली में अरविंद केजरीवाल का रोड शो:
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल मध्य प्रदेश में चुनाव प्रचार में हिस्सा लेंगे और सिंगरौली में रोड शो करेंगे. उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी होंगे. खबर यह भी है कि मध्य प्रदेश के बाद केजरीवाल छत्तीसगढ़ का दौरा करेंगे और 3 और 4 नवंबर को रायपुर और बिलासपुर में चुनाव प्रचार करेंगे. केजरीवाल का आरोप है कि उनके चुनाव प्रचार में बाधा डालने के लिए ED का समन भेजा गया है और उनका दावा है कि ये सभी कार्रवाई भाजपा द्वारा रचित है।

