Delhi Liquor Case Policy: दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार (10 मई) को केजरीवाल को 1 जून तक अंतरिम जमानत दे दी। दिल्ली के सीएम ने चुनाव प्रचार के लिए अंतरिम जमानत की मांग करते हुए अदालत में याचिका दायर की थी। अरविंद केजरीवाल को दिल्ली शराब नीति मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 21 मार्च को गिरफ्तार किया था।
हिरासत में बंद केजरीवाल ने सुप्रीम कोर्ट से चुनाव प्रचार के लिए अंतरिम जमानत की मांग की थी. ईडी ने केजरीवाल की जमानत को लेकर विरोध दर्ज कराया था. ईडी ने अपने पक्ष में दलील देते हुए कहा था कि उन्हें चुनाव प्रचार में हिस्सा लेने के लिए जमानत नहीं दी जानी चाहिए. दलील दी गई कि केजरीवाल को जमानत देने से गलत संदेश जाएगा और उनके साथ किसी अन्य सामान्य व्यक्ति से अलग व्यवहार नहीं किया जा सकता। हालांकि, दलीलें सुनने के बाद जस्टिस संजीव खन्ना और दीपांकर दत्ता की बेंच ने केजरीवाल को जमानत दे दी।
ईडी ने जमानत का विरोध करते हुए हलफनामा दाखिल किया था
पिछली सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने संकेत दिया था कि वह अरविंद केजरीवाल को जमानत दे सकता है. यही वजह रही कि गुरुवार को ईडी ने केजरीवाल की याचिका का विरोध करते हुए हलफनामा दाखिल किया. जांच एजेंसी ने कहा कि कानून सबके लिए बराबर है और लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार करना कोई मौलिक, संवैधानिक या कानूनी अधिकार नहीं है.
जांच एजेंसी ने तर्क दिया कि किसी भी राजनीतिक नेता को चुनाव प्रचार के लिए जमानत नहीं दी गई है। केजरीवाल को आप उम्मीदवारों के प्रचार के लिए जेल से बाहर आने की अनुमति देना एक गलत मिसाल कायम करेगा। इससे पहले मंगलवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने केजरीवाल की न्यायिक हिरासत 20 मई तक बढ़ा दी थी.

