Delhi : दिल्ली में दो अलग-अलग घटनाओं में महिलाओं से ठगी और धमकी देने के गंभीर मामले सामने आए हैं। पहली घटना में एक 30 वर्षीय महिला को डेटिंग ऐप के जरिए मिले व्यक्ति ने न सिर्फ धोखा दिया, बल्कि उसके साथ कथित रूप से बलात्कार भी किया और 22 लाख रुपए की ठगी की। वहीं, दूसरी घटना में एक युवती को नौकरी दिलाने के नाम पर उसके पिता से पांच लाख रुपए ठग लिए गए और जब उन्होंने पैसे वापस मांगे, तो झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई। दोनों मामलों में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डेटिंग ऐप पर बने रिश्ते में ठगी और धमकी
दक्षिणी दिल्ली के साकेत में रहने वाली और एक निजी कंपनी में कार्यरत 30 वर्षीय महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई कि एक व्यक्ति ने डेटिंग ऐप पर उससे संपर्क किया था। बातचीत के दौरान उसने शादी करने की इच्छा जताई और भरोसा जीतने के बाद दिल्ली आकर उससे मिला।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने झूठे बहाने से महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए और कथित तौर पर बलात्कार किया। इसके बाद उसने काम से जुड़ी जरूरतों का हवाला देकर महिला से 22 लाख रुपए की मांग की, जिसे उसने भरोसे में आकर दे दिया। लेकिन जब महिला ने शादी की बात उठाई, तो आरोपी ने इनकार कर दिया और उसे धमकी दी कि वह उसके निजी वीडियो लीक कर देगा।
धमकी मिलने के बाद महिला पुलिस के पास पहुंची और 10 मार्च को मामला दर्ज कराया। पुलिस का कहना है कि आरोपी पंजाब का निवासी है और उसके खिलाफ जांच जारी है।
नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी
दूसरी घटना छावला थाना क्षेत्र की है, जहां एक युवती और उसके पिता से नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लाख 22 हजार रुपए ठग लिए गए। आरोप है कि आरोपी रोहित नामक व्यक्ति ने नौकरी के बदले पैसे मांगे और धीरे-धीरे अलग-अलग किश्तों में यह रकम ले ली।
शिकायतकर्ता के पिता ने सबसे पहले 50 हजार रुपए दिए, फिर धीरे-धीरे आरोपित ने साढ़े तीन लाख रुपए ले लिए। इसके बाद लेडी हार्डिंग अस्पताल में काउंसलिंग के लिए बुलाकर कुछ सवाल पूछे गए। बाद में आरोपियों ने 50 हजार रुपए और लिए, फिर जनवरी 2024 में 50 हजार और 22 हजार रुपए ऐंठ लिए।
जब युवती और उसके पिता को अहसास हुआ कि आरोपी उन्हें धोखा दे रहा है और पैसे वापस मिलने की कोई संभावना नहीं है, तो उन्होंने पैसे वापस मांगे। इस पर आरोपी ने झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस को शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की अपील
इन दोनों (Delhi) घटनाओं से साफ है कि ऑनलाइन डेटिंग और नौकरी के नाम पर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे मामलों में सतर्क रहें और किसी अनजान व्यक्ति पर तुरंत भरोसा न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या ठगी की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधियों पर जल्द से जल्द कार्रवाई की जा सके।
ये भी पढ़ें : Delhi-NCR Weather Update : दिल्ली एनसीआर में गर्मी ने दी दस्तक,19 मार्च को 38 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान
ये भी देखें : Vadodara Car Accident के आरोपी Rakshit Chourasiya का बड़ा दावा, “घटना के वक्त वह ‘नशे में’ नहीं था”

