राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को प्रचंड गर्मी का प्रकोप जारी रहा और नजफगढ़ में पारा 47.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से लगभग सात डिग्री अधिक है। यह कल देश भर में दर्ज किया गया सबसे अधिक तापमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि उत्तर भारत का एक बड़ा हिस्सा अगले सप्ताह तक भीषण गर्मी की चपेट में रहेगा और इस अवधि के दौरान तापमान में लगातार वृद्धि देखी जाएगी। क्षेत्र में पारे के स्तर में वृद्धि का मुख्य कारण प्रशांत महासागर में अल नीनो का कमजोर होना है। इसके अलावा, पाकिस्तान और अफगानिस्तान से भारत की ओर आने वाली गर्म हवाओं ने भी पूरे उत्तर भारत में गर्मी को बढ़ाया है।
इन इलाकों में ऐसा रहा तापमान
IMD के हिसाब से मुंगेशपुर और पीतमपुरा इलाके में तापमान क्रमश: 47.7 डिग्री सेल्सियस और 47 डिग्री सेल्सियस रहा। आयानगर में अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पालम और रिज में अधिकतम तापमान क्रमशः 45.1 डिग्री सेल्सियस और 45.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
दिल्ली और यूपी में IMD का रेड अलर्ट
IMD ने राजस्थान, पंजाब, दिल्ली, गुजरात और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार के बाकी हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर भारत में भीषण गर्मी के कारणों पर आईएमडी के एक अध्ययन के अनुसार, इस क्षेत्र में मई में सूर्य की स्थिति सीधे सिर के ऊपर होती है। इसके अतिरिक्त, पाकिस्तान से उत्तर भारत की ओर हवा की दिशा तापमान में तेजी से वृद्धि में योगदान करती है।

