Delhi Heatwave: देश की राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में आसमान से आग बरस रही है. सूरज के प्रचंड प्रकोप से दिल्लीवासी बेहाल है. राजधानी में पिछले कई दिनों से लगातार तापमान में बढ़ोतरी देखा गया है. गर्म हवाएं और लू के थपेड़े चल रहें हैं. बीते कल ही पारा 50 डिग्री के पार चला गया. भीषण गर्मी को देखते हुए दिल्ली के उप राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने श्रमिकों के लिए एक आदेश जारी किया है.
पर्याप्त पानी की व्यवस्था करने के आदेश
बता दें कि उप राज्यपाल ने अपने आदेश में कहा है कि श्रमिकों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक अवकाश दिया जाए। साथ ही, उपराज्यपाल ने निर्देश दिया है कि श्रमिकों के लिए निर्माण स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में पानी और नारियल पानी की आपूर्ति की जाए। बस स्टैंड पर पानी के बर्तन रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य सचिव को तत्काल बैठक बुलाने का निर्देश
उप राज्यपाल सक्सेना ने भीषण गर्मी के बावजूद “ग्रीष्मकालीन कार्य योजना” की दिशा में कोई कदम न उठाने के लिए दिल्ली सरकार की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली विकास प्राधिकरण 20 मई से ही ऐसे उपायों को लागू कर रहा है, जबकि आम आदमी पार्टी सरकार के तहत दिल्ली जल बोर्ड, लोक निर्माण विभाग और दिल्ली नगर निगम ने अभी तक ऐसा नहीं किया है। इसके अलावा, उपराज्यपाल ने मुख्य सचिव को तत्काल बैठक बुलाने के निर्देश जारी किए हैं।

