Delhi Firecrackers Ban: देश की राजधानी दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार ने एक बार फिर पटाखों पर प्रतिबंध लगा दिया है। दिल्ली सरकार के इस फैसले के बाद दिल्ली के निवासी इस साल भी दिवाली पर पटाखे नहीं जला पाएंगे। यह फैसला राष्ट्रीय राजधानी में सर्दियों के मौसम में वायु प्रदूषण के कारण लोगों को होने वाली परेशानियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पटाखों के उत्पादन, भंडारण, बिक्री और इस्तेमाल पर प्रतिबंध 1 जनवरी 2025 तक लागू रहेगा।
प्रतिबंध का सख्ती से पालन
आप के दिल्ली प्रभारी और मंत्री गोपाल राय ने कहा कि पटाखों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध को सख्ती से लागू करने के लिए दिल्ली पुलिस, दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और राजस्व विभाग के साथ मिलकर योजना बनाई जाएगी।
प्रदूषण के खिलाफ अभियान चलाए जाएंगे
पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली सरकार प्रदूषण को नियंत्रित करने को लेकर काफी गंभीर है। प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए सरकार 21 फोकस बिंदुओं पर आधारित विंटर एक्शन प्लान तैयार कर रही है। विंटर एक्शन प्लान के अनुसार आने वाले दिनों में तरह तरह के अभियान चलाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: Sultanpur: सुल्तानपुर एनकाउंटर पर सियासत तेज, जानिए योगी सरकार में कितने यादव, ब्राह्मणों के हुए एनकाउंटर?
सहयोग की अपील
उन्होंने दिल्ली के लोगों से प्रदूषण को नियंत्रित करने में सरकार का सहयोग करने की अपील की। दिल्ली में प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए सभी को जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
ऐसे मनाएं दिवाली
अगर दिल्ली का हर नागरिक प्रदूषण योद्धा बनकर पर्यावरण की रक्षा की जिम्मेदारी ले तो हम लोगों को प्रदूषण के कारण होने वाले सांस संबंधी संकट से बचा पाएंगे। उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे दीये जलाकर और मिठाइयां बांटकर त्योहार मनाएं। ऐसा करके दिल्लीवासी न केवल प्रदूषण को नियंत्रित करने में सफल होंगे बल्कि लोगों की जान भी बचाएंगे।

