Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव का प्रचार सोमवार शाम थम गया। अब राजधानी में 5 फरवरी को शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। इसी बीच, दिल्ली पुलिस ने मतदान केंद्रों पर सोशल मीडिया ‘रील’ बनाने वालों के खिलाफ कड़ी चेतावनी जारी की है।
सोशल मीडिया पर रहेगी पुलिस की नजर
दिल्ली पुलिस मुख्यालय में सोमवार (3 फरवरी) को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में विशेष पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था जोन-2) मधुप तिवारी ने कहा, “इस नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” उन्होंने बताया कि पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी नजर रखेगी ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई मतदान केंद्रों के अंदर की तस्वीरें या वीडियो पोस्ट न करे।
मतदान केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन पर प्रतिबंध
विशेष पुलिस आयुक्त मधुप तिवारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के सख्त निर्देशों के अनुसार, मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। हर मतदान केंद्र पर इस नियम की जानकारी प्रचार माध्यमों के जरिए दी जाएगी।
मतदान प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखने की अपील
पुलिस ने मतदाताओं से अपील की है कि वे चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करें और मतदान केंद्रों पर सुरक्षा या व्यवस्था से समझौता करने वाली किसी भी गतिविधि से बचें। मधुप तिवारी ने कहा, “इस प्रतिबंध का मकसद मतदान के दौरान किसी भी तरह के व्यवधान को रोकना और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखना है।”
5 फरवरी को होगा मतदान, 8 फरवरी को मतगणना
दिल्ली विधानसभा चुनाव के तहत 70 सीटों पर मतदान 5 फरवरी को होगा, जबकि मतगणना 8 फरवरी 2025 को होगी। चुनाव आयोग, दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए पूरी तैयारी कर ली है।

