Delhi Coaching Incident: दिल्ली के मुख्य सचिव नरेश कुमार ने ओल्ड राजेंद्र नगर स्थित राव आईएएस स्टडी सर्किल (RAU’S IAS STUDY CIRCLE) में तीन छात्रों की मौत के मामले में नगर मंत्री आतिशी को जांच रिपोर्ट सौंपी है। रिपोर्ट में कोचिंग संस्थान की ओर से कई खामियां उजागर की गई हैं, जिसमें ड्रेनेज सिस्टम को ब्लॉक करना और सुरक्षा कर्मचारियों की सतर्कता की कमी शामिल है। मुख्य सचिव की ओर से जांच रिपोर्ट के मुख्य बिंदु इस प्रकार हैं:
घटना के कारण
रिपोर्ट के अनुसार, कोचिंग संस्थान ने ड्रेनेज सिस्टम को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया था। साथ ही, ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए कोई अतिरिक्त सुरक्षा उपाय नहीं किए गए थे।
रिपोर्ट में कहा या है कि भारी बारिश के कारण इलाके में पानी जमा हो जाता है। जो पानी स्टॉर्मवॉटर ड्रेन में और फिर बैरल में जाना चाहिए था, वह पार्किंग क्षेत्र की ओर बह गया।
संस्थान का पार्किंग प्रवेश द्वार सीधे सड़क की ओर है। भारी बारिश में पानी ड्रेन में जाने के बजाय सीधे पार्किंग क्षेत्र में प्रवेश करता है।
रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि सुरक्षा कर्मचारियों की ओर से कोई सतर्कता नहीं बरती गई। परिणामस्वरूप, पार्किंग क्षेत्र में अनियंत्रित रूप से पानी बहकर बेसमेंट में भर गया, जिससे तीन होनहार छात्रों की मौत हो गई।
लापरवाही आई सामने
रिपोर्ट के अनुसार, शंकर रोड से पूसा रोड तक की सड़क कटोरे के आकार की है, जिसका सबसे निचला बिंदु कोचिंग संस्थान के सामने है। भारी बारिश के दौरान, इस 200 फीट के हिस्से में पानी जमा हो जाता है। जब वाहन इस क्षेत्र से गुजरते हैं, तो पानी की लहरें स्थिति को और खराब कर देती हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि संपत्ति मालिकों ने ड्रेनेज सिस्टम को ग्रेनाइट/मार्बल/कोटा स्टोन से ढक दिया है। ड्रेनेज सिस्टम को फिनिशिंग आइटम से भी ढक दिया गया है, जिससे नालों की सफाई की कोई गुंजाइश नहीं बची है।
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि कर्मचारियों की ओर से कोई सतर्कता नहीं बरती गई, जिसके परिणामस्वरूप बेसमेंट में पानी का तेजी से प्रवाह हुआ, जिससे तीन छात्रों की मौत हो गई।

