Delhi Coaching Incident: दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर इलाके में राव कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में पानी भर जाने से शनिवार रात तीन छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो लड़कियां और एक लड़का शामिल है। घटना के विरोध में गुस्साए छात्रों ने जमकर प्रदर्शन किया। इस बीच, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने घोषणा की है कि वह इस घटना को लेकर आज यानी रविवार (28 जुलाई) को मेयर शैली ओबेरॉय के आवास के बाहर प्रदर्शन करेगी।
ABVP के मुताबिक, नियमों का खुलेआम उल्लंघन कर दिल्ली में संचालित किए जा रहे कोचिंग संस्थानों में इस तरह की भयावह घटनाएं बढ़ रही हैं। साथ ही, MCD में व्याप्त भ्रष्टाचार और कोचिंग माफियाओं को दिल्ली सरकार द्वारा कित संरक्षण दिए जाने से स्थिति और खराब हो रही है। इसी के मद्देनजर, ABVP भ्रष्ट MCD और दिल्ली सरकार के खिलाफ, मृतक छात्रों को न्याय दिलाने, कोचिंग माफिया पर नकेल कसने और छात्रों की जान को खतरे में डालने से रोकने के लिए दिल्ली की मेयर शैली ओबेरॉय के आवास के बाहर प्रदर्शन करेगी।
शैली ओबेरॉय ने क्या कहा?
घटना के बारे में दिल्ली की मेयर शेली ओबेरॉय ने कहा, “कल बहुत दुखद घटना हुई। घटना की जानकारी मिलते ही मैं तुरंत मौके पर पहुंची। एनडीआरएफ की टीम वहां बचाव अभियान चला रही थी। यह दुखद है कि इस घटना में तीन बच्चों की जान चली गई। मैंने एमसीडी कमिश्नर को पत्र लिखकर कहा है कि एमसीडी के अधिकार क्षेत्र में अवैध रूप से बेसमेंट में कोचिंग सेंटर चलाने वाली संस्थाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।”
उन्होंने आगे कहा, “अगर इस मामले में एमसीडी के अधिकारी शामिल पाए गए तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। अगर अवैध रूप से कोचिंग सेंटर चलाए जा रहे हैं तो उनके और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऐसे समय में हमें आरोप-प्रत्यारोप से बचना चाहिए और उचित कार्रवाई करने पर ध्यान देना चाहिए।”

